प्रश्न 1.लेखिका ने अपनी नानी को कभी देखा भी नहीं फिर भी उनके व्यक्तित्व से वे क्यों प्रभावित थीं? [Imp.]
उत्तर:यद्यपि लेखिका ने अपनी नानी को कभी नहीं देखा था फिर भी वह उनके व्यक्तित्व से प्रभावित थी क्योंकि-
- उसकी नानी अनपढ़, परंपरागत नारी थीं। उनके पति साहबों की भाँति रहते थे, किंतु वे उनसे प्रभावित हुए बिना अपनी मरजी से जीती थीं।
- उनके मन में स्वतंत्रता के प्रति जुनून था जिसका प्रदर्शन उन्होंने अपने जीवन के अंतिम दिनों में कर दिया था।
- वे अन्य भारतीय माताओं के समान अपनी पंद्रह वर्षीया बेटी के विवाह के लिए चिंतित हो उठी।
- वे स्पष्टवादिनी थी। उन्होंने अपने पति के मित्र स्वतंत्रता सेनानी प्यारेलाल शर्मा को बुलवाकर अपने मन की बात निःसंकोच रूप से कह दिया था।
- लेखिका की नानी के दृढ़ निश्चय के कारण उनकी बेटी का विवाह स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेने वाले होनहार लड़के से हो सका।
नानी के इन गुणों के कारण लेखिका उनके व्यक्तित्व से प्रभावित थी।
प्रश्न 2.लेखिका की नानी की आज़ादी के आंदोलन में किस प्रकार की भागीदारी रही? [Imp.][CBSE]
उत्तर:यूँ तो लेखिका की नानी का आज़ादी के आंदोलन में कोई प्रत्यक्ष योगदान न था क्योंकि वे अनपढ़, परंपरागत, परदानशीं, दूसरों की जिंदगी में दखल न देने वाली महिला थीं, पर कम उम्र में ही अपनी मृत्यु को निकट जान वे अपनी पंद्रहवर्षीय बेटी (लेखिका की माँ) के लिए चिंतित हो उठीं।
उन्होंने अपने पति से कहा कि वे परदे का लिहाज़ छोड़कर उनके स्वतंत्रता सेनानी मित्र प्यारेलाल शर्मा से मिलना चाहती हैं। तथा उनसे मिलकर कहा कि उनकी बेटी का रिश्ता वे स्वयं तय करें। जिस वर से उनकी बेटी की शादी हो वह भी उन्हीं (शर्मा जी) जैसा ही आज़ादी का सिपाही हो।
इस तरह उनकी स्वतंत्रता आंदोलन में परोक्ष भागीदारी रही।
(क) लेखिका की माँ की विशेषताएँ लिखिए। [CBSE]
(ख) लेखिका की दादी के घर के माहौल का शब्द-चित्र अंकित कीजिए।
अथवा लेखिका की माँ की विशेषताएँ लिखिए। [CBSE]
उत्तर:(क) लेखिका की माँ घर परिवार की परंपरा का निर्वाह नहीं करती थी फिर भी वे सबके दिलों पर राज करती थी। इसके आलोक में लेखिका की विशेषताएँ निम्नलिखित हैं-
- वे खूबसूरत परीजात-सी जादुई लगती थीं।
- वे किसी की गोपनीय बात को दूसरों से नहीं कहती थी।
- वे झूठ नहीं बोलती थी।
- वे हर बात पर उचित राय-सलाह दिया करती थी।
- उनके मन में आजादी के प्रति जुनून था।
(ख) उक्त कथन के आलोक में लेखिका की दादी के घर के माहौल में अनेक बातें कल्पना से परे लगने के बाद भी सत्य थी। वहाँ परिवार के सदस्यों को अपनी निजता बनाए रखने की छूट थी। वे अपने काम अपने ढंग से स्वतंत्रतापूर्वक करते थे। लेखिका की दादी संचय के विरुद्ध थी। वे अपनी तीसरी धोती दान दे देती थी। परिवार में महिलाओं की इज्ज़त थी। लेखिका की माँ की राय लेकर उसे महत्त्व दिया जाता था। लेखिका की दादी अपनी पुत्रवधू के गर्भवती होने पर मंदिर गई और पहली संतान कन्या के रूप में पाने की मन्नत माँगी । वे घर में पूजा-पाठ आदि के द्वारा धार्मिक वातावरण बनाए रखती थी।
प्रश्न 4.आप अपनी कल्पना से लिखिए कि परदादी ने पतोहू के लिए पहले बच्चे के रूप में लड़की पैदा होने की मन्नत क्यों माँगी? [Imp.]
उत्तर:लेखिका की परदादी लीक से हटकर चलने वाली महिला थी। उन्होंने लड़की पैदा होने की मन्नत इसलिए माँगी होगी क्योंकि उस समय ऐसी मन्नत माँगना और सबके सामने बताना अत्यंत साहसपूर्ण कार्य था। ऐसा करके वे सबसे अलग दिखने की चाह रखती होंगी। उनके ऐसा करने का दूसरा कारण यह रहा होगा कि वे स्वयं एक महिला थीं उन्होंने महिला होकर स्वतंत्र जीवन जिया था तथा अपने जीवन में किसी प्रकार की रोक-टोक नहीं देखी थी, इसलिए महिला होना उनके लिए गर्व की बात थी।
प्रश्न 5.डराने धमकाने, उपदेश देने या दबाव डालने की जगह सहजता से किसी को भी सही राह पर लाया जा सकता है-पाठ के आधार पर तर्क सहित उत्तर दीजिए।
अथवा डरा-धमका कर क्या किसी को रास्ते पर लाया जा सकता है-पाठ के आधार पर प्रकाश डालिए। [CBSE]
उत्तर:कभी-कभी कुछ लोग परिस्थितिवश या किसी दबाव में आकर अनैतिक आचरण करने लगते हैं। ऐसे ही लोगों की तरह वह चोर भी था जो परदादी के घर में चोरी करने घुस आया पर परदादी के जाग जाने से वह हड़बड़ा गया। परदादी ने पुलिस के हवाले नहीं किया बल्कि उससे माँ-बेटे का संबंध जोड़कर उसे कुछ सोचने पर विवश कर दिया। इस घटना के बाद चोर सुधरकर खेती करने लगा। इस तरह हम कह सकते हैं कि डराने-धमकाने, उपदेश देने या दबाव डालने की जगह सहजता से किसी को राह पर लाया जा सकता है।
प्रश्न 6.‘शिक्षा बच्चों का जन्मसिद्ध अधिकार है-इस दिशा में लेखिका के प्रयासों का उल्लेख कीजिए? [CBSE]
उत्तर:शिक्षा बच्चों का जन्मसिद्ध अधिकार है, यह बात लेखिका को अपने पारिवारिक वातावरण से पता चल चुकी थी। बच्चों की शिक्षा के लिए उसने निम्नलिखित प्रयास किए
- शादी के बाद लेखिका को कर्नाटक के बागनकोट में रहना पड़ा वहाँ उसके बच्चों की शिक्षा हेतु उचित प्रबंध न था। उसने वहाँ के कैथोलिक विशप से प्राइमरी स्कूल खोलने का अनुरोध किया।
- लेखिका ने कर्नाटक के बागनकोट के स्थानीय तथा समृद्ध लोगों की मदद से एक प्राइमरी स्कूल खोला, जिसमें अंग्रेजी-हिंदी-कन्नड़ तीन भाषाएँ पढ़ाई जाती थीं। लेखिका ने इसे सरकार से मान्यता भी दिलवाई, जिससे स्थानीय बच्चों को शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े।
प्रश्न 7.पाठ के आधार पर लिखिए कि जीवन में कैसे इंसानों को अधिक श्रद्धा भाव से देखा जाता है? [Imp.] [CBSE]
उत्तर:जीवन में उन इनसानों को अधिक श्रद्धाभाव से देखा जाता है जो अच्छे कर्म करते हैं, अपने धन-बल का दुरुपयोग नहीं करते हैं तथा मानवीय मूल्यों को बनाए रखते हैं। पाठ से पता चलता है कि सत्य बोलने वाले, किसी की गुप्त बात को दूसरों से न कहने वाले, दृढ़ निश्चय वाले, स्वतंत्रता की ज्योति जलाए रखने वाले, दूसरों से स्नेह करने वाले, उन्हें यथोचित आदर देने वाले, दूसरों की मदद करने वाले, बने-बनाए रास्ते से अलग चलने वाले, देश प्रेम की उत्कट भावना रखने वाले लोग दूसरों के लिए श्रद्धा के पात्र होते हैं तथा लोग उनके प्रति श्रद्धाभाव रखते हैं।
प्रश्न 8.‘सच, अकेलेपन का मज़ा ही कुछ और है-इस कथन के आधार पर लेखिका की बहन एवं लेखिका के व्यक्तित्व के बारे में अपने विचार व्यक्त कीजिए। [CBSE]
उत्तर:लेखिका अपने जीवन में इस बात को बहुत पसंद करती थी कि ‘सच, अकेलेपन का मजा ही कुछ और है।’ लेखिका की बहन और लेखिका इसके उदाहरण हैं। लेखिका की बहन रेणु जिस काम को सोचती थी, उसे करके ही रहती थी। कोई कितना भी समझाता रहे पर वह नहीं मानती थी। इसमें उसकी जिद कम दृढ़ निश्चय अधिक झलकता है।एक बार वह बारिश में दो मील दूर स्कूल जाने की जिद पर पैदल जाने के लिए अड़ी रही। सब कहते रहे कि स्कूल बंद होगा, पर वह न मानी। बारिश में गई और स्कूल बंद देखकर वापस आ गई। इसें तरह वह मंजिल की ओर अकेले बढ़ने की दिशा में उत्सुक दिखती है।लेखिका भी जीवन की राह पर अकेले चलते हुए डालमिया नगर में स्त्री-पुरुषों के नाटक खेलकर सामाजिक कार्य हेतु धन एकत्र किया तथा कर्नाटक में अथक प्रयास से अंग्रेज़ी-कन्नड़-हिंदी तीन भाषाएँ पढ़ाने वाला स्कूल खोलकर उसे मान्यता दिलाना उनके स्वतंत्र सोच रखने तथा लीक से हटकर चलने वाले व्यक्तित्व की ओर संकेत करता है।